जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय नगर स्थित गंगा नदी के पक्के पुल पर शनिवार की दोपहर लावारिस साइकिल खड़ी मिलने से अफरा तफरी मच गई। पुल पर लावारिस हालत में साइकिल देखकर राहगीरों के बीच किसी अज्ञात युवक द्वारा गंगा नदी में छलांग लगाने की अफवाह तेजी से फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की भनक लगते ही स्थानीय पुलिस फौरन मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए पुल के आस-पास मौजूद लोगों और दुकानदारों से काफी पूछताछ की, लेकिन किसी भी व्यक्ति के नदी में कूदने की स्पष्ट जानकारी या पुष्टि नहीं हो सकी। कोई प्रत्यक्षदर्शी न मिलने के कारण पुलिस ने राहत की सांस ली और खड़ी लावारिस साइकिल को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। वही पुलिस न एतिहात की तौर पर गंगा नदी में नाव की सहायता से खोजबीन कर रही है लेकिन खबर भेजे जाने तक कुछ नहीं मिला। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि गंगा पुल पर एक लावारिस साइकिल खड़ी होने की सूचना मिली थी, जिसे बरामद कर लिया गया है। हालांकि, नदी में किसी के भी कूदने की कोई आधिकारिक या पुख्ता सूचना नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह साइकिल किसकी है और वहां कैसे छूटी।



