
जमानिया। ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के सरकारी संकल्प को गति देते हुए क्षेत्र के बरूईन गांव में शनिवार को एक विशेष अभियान चलाया गया। जिसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गांव के पात्र गृहस्थी और अन्त्योदय राशन कार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक शुरू कर दी गई है। आयोजित एक बैठक के दौरान गांव में करीब 10 नए स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया।
एडीओ आईएसबी दिग्विजय नाथ ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े परिवारों, विशेषकर राशन कार्ड धारकों को संगठित करना है। अधिकारियों और मिशन के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि इन समूहों से जुड़ने के बाद महिलाओं को न सिर्फ रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, बल्कि उन्हें वित्तीय सहायता और कौशल विकास का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे परिवारों की आय में वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से संपन्न बन सकेंगे। समूह गठन के दौरान बरूईन गांव की महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नए समूहों से जुड़ी महिलाओं ने सरकार की इस योजना की सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। बैठक में सचिव लव सिंह‚ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणवीर सिंह‚ बीएमएम दिनेश प्रताप‚ आईसीआरपी सोनी शर्मा सहित भारी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
फोटो भी



