राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे व जमानिया नगर के नजदीक कूड़े का ढेर लगने से राहगीरों और स्थानीय निवासियों में आक्रोश

जमानिया। नगर में सेंट मेरीज स्कूल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कूड़े-कचरे का अंबार लगा हुआ है। जिससे स्थानीय दुकानदारों और निवासियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। इस गंदगी के कारण दुकानों में आग लगने की गंभीर आशंका बनी हुई है, जिससे कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
हैरानी की बात यह है कि संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या से पूरी तरह आंखें मूंदे बैठे हैं। बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद अधिकारियों की इस घोर लापरवाही और उदासीनता को लेकर नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। नगर कांग्रेस कमेटी जमानियां ने इस स्थिति की कड़ी निंदा की है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर कांग्रेस अध्यक्ष जिशान जलाली, उत्तर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कुंदन खरवार, युसुफ बशर और स्थानीय दुकानदार सहित कई अन्य लोग मौके पर पहुंचे। नेताओं ने स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासन से इस कूड़े-कचरे को तत्काल प्रभाव से साफ कराने की मांग की। नगर कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले 3 दिनों के भीतर इस जगह से कूड़ा नहीं हटाया गया और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में नगर पालिका के ईओ संतोष कुमार ने बताया कि निजी भूमि पर भूमि स्वामी द्वारा स्वम कूड़ा गिरवाया गया है। जिसको नोटिस भेजा जाएगा और जल्द कूड़ा साफ करवाया जाएगा। यदि नहीं हटाया जाता है तो जुर्माना वसूला जाएगा।



