ग़ाज़ीपुर के व्यापारी संग चंदौली ट्रेन में मारपीट व लूट
ज़मानिया। डीडीयू-बक्सर पैसेंजर ट्रेन में बुधवार की रात सफर कर रहे एक व्यापारी के साथ चंदौली जनपद के धीना स्टेशन पर छिनैती और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी की जेब से पांच हजार रुपये निकालकर आरोपी फरार हो गए।
घटना के संबंध में स्टेशन बाजार निवासी व्यापारी पप्पू वर्मा ने बताया कि वह बुधवार को व्यापार के सिलसिले में बनारस गए थे। वापसी में वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से ट्रेन संख्या 63240 डीडीयू-बक्सर पैसेंजर से जमानिया लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे एक मेल ट्रेन को पास कराने के लिए गाड़ी धीना स्टेशन पर रुकी। इसी दौरान एक किन्नर व्यापारी के पास आकर रुपये मांगने लगा। जब व्यापारी ने रुपये देने से इनकार किया, तो किन्नर और उसके साथ मौजूद एक युवक ने उनके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। दोनों ने व्यापारी को घायल कर दिया और उनकी जेब से पांच हजार रुपये निकालकर ट्रेन छूटने से पहले फरार हो गए।रात लगभग 10:14 बजे ट्रेन के ज़मानिया स्टेशन पहुँचने पर पीड़ित ने ऑन-ड्यूटी आरपीएफ कर्मचारियों को आपबीती सुनाई। आरपीएफ जवानों ने उन्हें जीआरपी में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इस मामले में दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है। फिलहाल पीड़ित की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है; तहरीर मिलते ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




