भूमि की वर्तमान स्थिति के अनुसार तय हो मुआवजा- युवा सपा नेता रितेश सिंह

जमानियां,गाजीपुर। प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेस-वे निर्माण में अधिग्रहीत की जा रही जमीनों के कम सर्किल रेट के अनुसार दिये जा रहे मुआवजे को लेकर काश्तकारों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उचित मुआवजा न मिलने से नाराज क्षेत्रीय किसानों सहित तहसील सेवराई के किसानों ने उच्चाधिकारियों को पत्रक सौप कर सर्किल रेट के अनुसार आवासीय दर से मुआवजा तय करने की मांग कर रहे है।
किसानों की गम्भीर समस्याओं के दृष्टिगत क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सिंह के पुत्र व युवा सपा नेता रितेश सिंह ने बुधवार को ग्राम उसिया में किसानों संग बैठक कर उचित मूल्य दिलवाने हेतु भरोसा दिया तथा कदम से कदम मिला कर चलने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि किसानों के जमीन का मूल्यांकन प्रशासन द्वारा सामान्य कृषि दर के आधार पर तय किया जा रहा है, जो कि अत्यंत ही दुःखद है। प्रभावित मौजे की भूमि मुख्य पक्की सड़क, बैंक, अस्पताल और विद्यालयों के समीप स्थित है तथा आवासीय स्वरूप ग्रहण कर चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन सभी भूमियों को कृषि श्रेणी में रखकर कम दर से मुआवजा तय कर रहा है, जिससे हमारे विधानसभा के काश्तकारों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। जब तक भूमि की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आवासीय सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा निर्धारित नहीं हो जाता तब तक किसानों का संघर्ष हमारा संघर्ष होगा। उक्त मौके पर मजहर खाँ, नौशाद खाँ, विपुल सिंह, फिरोज खाँ, शाहनवाज खाँ, जमालु खाँ, बाला खाँ, इमरान खाँ, अरशद खाँ सहित सैकड़ो कृषक मौजूद रहे।


