उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुर

जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर 500 से 3500 रुपये वसूलने की शिकायत, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

गाजीपुर। जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक रकम लिए जाने की शिकायतों को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गंभीरता से लिया है। आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायतों की जांच में लोगों से जन्म प्रमाण पत्र जारी कराने के नाम पर 500 से 3500 रुपये तक लिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जांच कराई। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और उपजिलाधिकारी कासिमाबाद ने जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया से संबंधित जांच कर अपनी आख्या प्रस्तुत की। जांच में बिचौलियों द्वारा निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त धनराशि लिए जाने के मामले सामने आने की बात कही गई है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन्म प्रमाण पत्र समेत किसी भी सरकारी सेवा के लिए आमजन से निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि नहीं ली जानी चाहिए। सरकारी सेवाओं का लाभ लोगों को तय नियमों और प्रक्रिया के अनुसार पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

प्रकरण की जानकारी और आवश्यक कार्रवाई के लिए क्षेत्राधिकारी, एंटी करप्शन, वाराणसी को भी अवगत कराया गया है। डीएम ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों में बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य के नाम पर अवैध धनराशि मांगने या वसूलने की शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

डीएम ने लोगों से अपील की कि किसी प्रमाण पत्र या सरकारी सेवा के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक रकम मांगी जाए तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page