Uncategorized

रोजगार मेला बनाम घंटा-दीया: कुन्दन खरवार का भाजपा पर तीखा हमला, कहा— देश तय करे कैसा नेता चाहिए

जमानियाँ। उत्तर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव (प्रशासन) कुन्दन खरवार ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने देश में जारी दो अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं की तुलना करते हुए कहा कि देश के युवाओं और किसानों को अब यह तय करना होगा कि उन्हें कैसा नेता चाहिए।
खरवार ने कहा कि एक तरफ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हैं, जिनके जन्मदिन पर कांग्रेस पार्टी देश भर में रोजगार मेले, युवा संवाद, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और पठन-पाठन सामग्री वितरण जैसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती है। यह सीधे तौर पर युवा, किसान, मजदूर और आदिवासियों के भविष्य से जुड़े कदम हैं।
वहीं दूसरी तरफ, 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा द्वारा केवल दीया-बाती जलाने और घंटा बजाने जैसे प्रतीकात्मक कार्यक्रम कराए जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब देश का युवा रोजगार मांगता है तो उसे घंटा थमा दिया जाता है और जब किसान MSP की मांग करते हैं तो उन्हें दीया जलाने को कहा जाता है।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री को यह जवाब देना चाहिए कि पिछले 12 वर्षों में प्रतिवर्ष 2 करोड़ नौकरियों के वादे का क्या हुआ और आदिवासी युवाओं के लिए कितने रोजगार मेले आयोजित किए गए? उन्होंने कहा कि केवल जुमलों और इवेंट मैनेजमेंट से देश नहीं चल सकता। कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page