ऑटो-स्कॉर्पियो की टक्कर में एक की मौत, दो वाराणसी रेफर

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे ऑटो और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान एक घायल की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। दो घायलों का इलाज गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
मृतक की पहचान भांवरकोल थाना क्षेत्र के तोड़रपुर निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई। घायलों में बरेसर थाना क्षेत्र के हसनपुर गौड़ा निवासी पारस, मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के अहिरौली निवासी दिनेश सिंह कुशवाहा (55) और उनकी पत्नी मंजू देवी (48) शामिल हैं। वहीं भांवरकोल थाना क्षेत्र के मनिया मिर्जाबाद निवासी सुनील गौड़ और नोनहरा थाना क्षेत्र के सौना रसूलपुर निवासी धर्मेंद्र उपाध्याय की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर किया गया।
घायल दिनेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि वह पत्नी मंजू देवी और अन्य लोगों के साथ मोहम्मदाबाद के अहिरौली से ऑटो में सवार होकर गाजीपुर शहर आ रहे थे। शहर कोतवाली क्षेत्र में पहुंचने पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि हादसे में घायल लोगों का उपचार कराया जा रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्कॉर्पियो और उसके चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




