इंटरमीडिएट कॉलेज गोसंदेपुर के छात्रों ने विद्यालय सहित जिले का मान बढ़ाया


करंडा। क्षेत्र के इंटरमीडिएट कॉलेज गोशंदेपुर के दो होनहार छात्रों-रौनक चौरसिया और युवराज गोंड ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक विद्यालय अंडर-14 वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर विद्यालय और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। छात्रों के इस चयन से करंडा क्षेत्र, विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
चंदौली जनपद के धीना में आयोजित मंडलीय माध्यमिक विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में गाज़ीपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में गाज़ीपुर की टीम ने मेजबान चंदौली को परास्त कर खिताबी जीत दर्ज की। वहीं, अंडर-19 वर्ग में भी गाज़ीपुर की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए जौनपुर को हराकर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। मंडलीय स्तर पर उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर इंटरमीडिएट कॉलेज गोशंदेपुर के वॉलीबॉल खिलाड़ी रौनक चौरसिया और युवराज गोंड का चयन उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय माध्यमिक विद्यालय अंडर-14 वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए किया गया। छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रबंधक विनीत सिंह ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र और विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में छात्रों को वॉलीबॉल, कबड्डी सहित अन्य खेल गतिविधियों के लिए लगातार प्रोत्साहित और प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे अपनी रुचि के अनुसार खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। प्रबंधक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और उचित प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है, जिसके लिए विद्यालय प्रशासन सदैव तत्पर है।




