पंचायत के बाद पति-पत्नी के बीच सुलझा विवाद, साथ रहने पर बनी सहमति

गाजीपुर। नारी पचदेवरा गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर पंचायत हुई। इसमें लंबे समय से अलग रह रहे पति-पत्नी और दोनों पक्षों के परिजनों के बीच करीब चार घंटे तक बातचीत हुई। आपसी सहमति बनने के बाद दंपती के साथ रहने का रास्ता साफ हुआ।
बताया गया कि सैदपुर क्षेत्र के हिरामनपुर निवासी निधि गुप्ता की शादी वर्ष 2023 में मरदह क्षेत्र के ब्राह्मणपुरा निवासी डॉ. श्याम सुंदर गुप्ता से हुई थी। शादी के करीब छह माह बाद दोनों के बीच विवाद हो गया और वे अलग-अलग रहने लगे। रिश्तेदारों की ओर से सुलह का प्रयास किया गया, लेकिन मामला नहीं सुलझ सका। बाद में विवाद कोर्ट-कचहरी तक पहुंच गया। स्थानीय नागरिक चंद्रदीप पाल के आग्रह पर पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने मामले में मध्यस्थता की। नारी पचदेवरा स्थित मां दुर्गा आश्रम में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत की गई। करीब चार घंटे की बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी।
इसके बाद निधि गुप्ता और उसके दो वर्षीय बच्चे को ससुराल पक्ष के साथ भेजा गया। इस दौरान उदय प्रताप सिंह मास्टर समेत स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया।



