उत्तर प्रदेशगाजीपुरप्रशासनिक

रायफल क्लब में सजी प्रदर्शनी, योजनाओं और विकास की तस्वीर देखी

गाजीपुर। रायफल क्लब परिसर में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत सूचना विभाग की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली।

प्रदर्शनी का अवलोकन राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने किया। संगीता बलवंत ने कहा कि प्रदर्शनी के जरिए सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पात्र लोग उनका लाभ उठा सकें।

प्रदर्शनी में आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, कृषि, एमएसएमई और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया। कृषि क्षेत्र में ड्रोन के उपयोग, सोलर पंप, कृषि यंत्र, मंडियों के आधुनिकीकरण और किसान सम्मान निधि से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की गई।

महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, वन स्टॉप सेंटर और महिला सशक्तिकरण से संबंधित उपलब्धियां शामिल रहीं। इसके अलावा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, स्वयं सहायता समूह, ओडीओपी, स्वास्थ्य सेवाओं और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही जनसेवा का उद्देश्य है। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि प्रदर्शनी में शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए उपयोगी योजनाओं की जानकारी दी गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला सूचना अधिकारी शशि सिंह समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page