उत्तर प्रदेशगाजीपुरप्रशासनिक

पांच अक्तूबर को लखनऊ में धरना देंगे ग्राम पंचायत अधिकारी

गाजीपुर। ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश संगठन के आह्वान पर पांच अक्तूबर को लखनऊ में प्रस्तावित एक दिवसीय धरने में जिले के ग्राम पंचायत अधिकारी भी शामिल होंगे। गुरुवार को संघ के जिलाध्यक्ष सूर्यभानु राय के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय को ज्ञापन सौंपकर धरने में शामिल होने के लिए विशेष अवकाश स्वीकृत करने की मांग की। जिलाध्यक्ष सूर्यभानु राय ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारियों की पदोन्नति, शैक्षिक योग्यता में उन्नयन, ग्रेड पे में वृद्धि और समयबद्ध एसीपी समेत विभिन्न मांगें कई वर्षों से लंबित हैं। प्रदेश संगठन की ओर से इन मांगों को लेकर कई बार शासन स्तर पर आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि लंबित मांगों के समर्थन में प्रदेशभर के ग्राम पंचायत अधिकारी पांच अक्तूबर को लखनऊ स्थित पंचायत राज निदेशालय में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना देंगे। जिले से भी ग्राम पंचायत अधिकारी इसमें भाग लेने के लिए लखनऊ जाएंगे।
इस दौरान जिला मंत्री पवन पांडेय, अनिल यादव, शिवप्रकाश त्रिपाठी, मुकेश सिंह, संजय कुशवाहा, सौरभ मिश्रा, संदीप यादव सहित अन्य ग्राम पंचायत अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page