नवरात्रि के पहले दिन बिजली-पानी के लिए तरसे लोग, विभागीय लापरवाही से आक्रोश

बरुईन बाजार समेत कई गांवों में बिजली गुल, व्रती और श्रद्धालु पेयजल के लिए परेशान
जमानिया (गाजीपुर)। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन ही बिजली संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बरुईन बाजार समेत क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति सुबह 6 बजे से बाधित होने से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नवरात्रि के पावन पर्व पर जहां श्रद्धालु पूजा-पाठ और व्रत की तैयारियों में जुटे थे, वहीं बिजली गुल होने से उन्हें पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए भी परेशान होना पड़ा।
बिजली आपूर्ति ठप होने का असर घरों में साफ दिखाई दिया। नवरात्रि का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं और पूजा-अर्चना करने वाले लोगों को पानी की व्यवस्था करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पर्व के पहले ही दिन बिजली संकट से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई।
स्थानीय लोगों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके बावजूद बिजली गुल होने से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
अब सवाल यह है कि त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के दावों के बीच आखिर लोगों को इस तरह की परेशानी क्यों झेलनी पड़ रही है? स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने की मांग की है।इस संबंध में बिजली विभाग के जेई से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की गई पर उनका फोन नहीं उठा



