बिना लाइसेंस पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद, तीन गिरफ्तार

4.78 क्विंटल आतिशबाजी सामग्री जब्त, कीमत करीब 4.50 लाख रुपये
जमानियां, गाजीपुर। दीपावली और छठ पर्व के मद्देनजर जमानियां कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार देर शाम सोनार टोली/सुभान टोली स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री करने के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान औरंगजेब खान, इश्तियाक खान और मो. अर्श के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गोदाम से कुल 4 क्विंटल 78 किलोग्राम पटाखे और आतिशबाजी सामग्री बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये है। बरामद सामग्री में विभिन्न प्रकार के ब्रांडेड एवं देशी पटाखे, चरखी, फुलझड़ी, मैजिक कलर शॉट्स और रॉकेट समेत अन्य आतिशबाजी के सामान शामिल हैं।
कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5/9बी के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।



