उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाधर्मप्रशासनिक

सिंचाई विभाग रूठा, अस्थावानों की बढ़ी चिन्ता

नहर घाटों तक पानी पहुंचने की उम्मीद पर फिरा पानी

जमानियां (गाजीपुर)। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पर सिंचाई विभाग के रूठ जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में नहर किनारे छठ पूजा करने वाले श्रद्धालु जनों की चिन्ता काफी बढ़ गई है। सिंचाई विभाग का नहर न चलाने का फरमान आस्था पर कुठारा घात करने वाला प्रतीत हो रहा है।
ज्ञात हो कि ग्रामीण क्षेत्र में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा अपने-अपने गॉव के पास से गुजर रही नहरों के किनारे किया जाता है। ब्रती महिलाओं की सुविधा के दृष्टिगत ग्रामीण व स्वयंसेवी संस्थाएं नहरों के किनारे लाइट की व्यवस्था करते है,लेकिन जैसे ही नहर न चलने की सूचना मिली तो यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और लोग मायूस हो गये। जबकि प्रति वर्ष छठ पूजा पर सिंचाई विभाग द्वारा नहर चलाया जाता है।
नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने से ग्रामीण इलाकों में लोक आस्था के महापर्व डाला छठ की तैयारियों पर संकट मंडराने लगा है। नहरों में पानी नहीं होने से गांवों के तालाबों और छठ घाटों तक पानी पहुंचने की समस्या खड़ी हो गई है। इससे व्रती महिलाओं और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
इस संबंध में अधिशाषी अभियंता सिंचाई महेश कुमार ने बताया कि नहरों की सफाई को लेकर उच्चाधिकारियों की ओर से निर्देश जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि सफाई कार्य होने की वजह से फिलहाल नहरों का संचालन नहीं होना चाहिए। इसी निर्देश के चलते नहरों में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है।
हालांकि, महापर्व छठ पर ग्रामीण क्षेत्रों में नहरों का पानी बेहद महत्वपूर्ण होता है। कई गांवों में छठ घाटों और जलाशयों की साफ-सफाई के बाद पानी भरने के लिए नहरों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में नहरों का संचालन बंद रहने से छठ पूजा की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि आस्था के इस महापर्व को देखते हुए सिंचाई विभाग को नहरों में पानी छोड़ने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि व्रती महिलाओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। अब देखना यह है कि विभागीय अधिकारी छठ पर्व को देखते हुए कोई वैकल्पिक व्यवस्था करते हैं या ग्रामीणों को पानी की समस्या से जूझना पड़ेगा, वहीं कई गांवों के ग्रामीण अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अपील कर रहे हैं कि समस्या का जल्द निदान हो और नहरों में पानी आए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page