बेटी के जन्म के 13 दिन बाद उजड़ गया सुहाग, सड़क हादसे में युवक की मौत; दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में शुक्रवार सुबह उस वक्त मातम छा गया, जब बिहार पुलिस के माध्यम से 30 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत की खबर पहुंची। गुरुवार देर रात बिहार के दुर्गावती के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान गोविन्द कुमार (30) पुत्र स्व. राजेश चौधरी के रूप में हुई है। बड़े भाई धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि तीन भाइयों में सबसे छोटा गोविन्द नगर में चाट-समोसे की दुकान पर काम करता था। गुरुवार शाम वह दुकान मालिक से घर जाने की बात कहकर बाइक से निकला था, लेकिन घर जाने के बजाय बिहार के चैनपुर स्थित अपनी ससुराल के लिए रवाना हो गया। ससुराल पहुंचने से कुछ दूरी पहले दुर्गावती के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
गोविन्द की शादी तीन वर्ष पहले चैनपुर निवासी सोनी देवी से हुई थी। परिवार में एक वर्षीय बेटा है, जिसे सभी प्यार से ‘टमाटर’ बुलाते हैं। महज 13 दिन पहले ही घर में बेटी का जन्म हुआ था, जिसका नाम ‘गोभी’ रखा गया था। जिस घर में नवजात बेटी की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम और चीख-पुकार का माहौल है। खुशियों से भरा परिवार एक झटके में गहरे दुख में डूब गया।
पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी सोनी देवी बदहवास हो गईं, वहीं मां आशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्यों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कॉलोनी के लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं, लेकिन परिजनों का करुण क्रंदन हर किसी की आंखें नम कर रहा है।
बिहार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। भाई धर्मेंद्र ने बताया कि गोविन्द परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी असमय मौत से दो मासूम बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद पूरे कांशीराम कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई है।



