उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाशिक्षा

सनशाइन पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘आगाज-2026’ में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

परंपरा और प्रगति की थीम पर सजी सांस्कृतिक संध्या, मेधावी छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट शिक्षकों को किया गया सम्मानित

जमानिया (गाजीपुर)। कसेरा पोखरा स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल में बृहस्पतिवार को वार्षिकोत्सव समारोह ‘आगाज-2026’ धूमधाम से आयोजित किया गया। परंपरा और प्रगति की थीम पर आधारित समारोह में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा, कला और आत्मविश्वास से पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक ओमप्रकाश सिंह, विशिष्ट अतिथि एसपी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स, लखनऊ सर्वानंद सिंह यादव, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल हेड मुकेश रमन, विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन सर्वानंद सिंह, अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह और प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वाद्ययंत्रों पर शानदार जुगलबंदी प्रस्तुत कर समां बांध दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों के आकर्षक परिधान और मनमोहक नृत्य ने अतिथियों एवं अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सेमी-क्लासिकल, बॉलीवुड और लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा पर आधारित गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली।
इससे पूर्व प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक एवं अन्य उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि विधायक ओमप्रकाश सिंह ने विद्यालय के शैक्षणिक माहौल की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के लिए कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड की तरह है। यहां सामान्य और गरीब परिवारों के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपना भविष्य संवार रहे हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि सर्वानंद सिंह यादव ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

मेधावियों को टैबलेट और साइकिल देकर किया सम्मानित

समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में सर्वाधिक अंक हासिल कर जनपद की श्रेष्ठता सूची में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले विशाल सिंह और सत्र 2025-26 में जनपद की मेरिट सूची में तृतीय स्थान हासिल करने वाली उजाला यादव को टैबलेट, स्मृति चिह्न और उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही जुनेद आलम की ओर से दोनों मेधावियों को एक-एक साइकिल भेंट की गई। उत्कृष्ट अध्यापन कार्य के लिए शिक्षकों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अंत में प्रधानाचार्य ए.के. बघेल ने अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page