जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, ओवरचार्जिंग करने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा : डीएम

गाजीपुर। जिले में खाद की किल्लत और कालाबाजारी की आशंकाओं के बीच जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने किसानों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि जनपद में डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता है। खाद की कोई कमी नहीं है। निर्धारित सरकारी दर से अधिक कीमत वसूलने वाले सचिवों और विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में करीब 34 हजार मीट्रिक टन यूरिया और 7,400 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। चार-पांच दिन पहले सैदपुर क्षेत्र की कुछ सरकारी दुकानों पर खाद की अनुपलब्धता की शिकायत सामने आई थी। इस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निजी क्षेत्र से 600 मीट्रिक टन खाद सरकारी दुकानों के लिए डायवर्ट कराई थी।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को भी करीब 350 मीट्रिक टन खाद प्राप्त हुई है। इसके अलावा आधी रैक मिल चुकी है, जबकि अगले तीन से चार दिनों में डीएपी की एक और रैक आने की संभावना है।
डीएम ने खाद की निर्धारित कीमतों की जानकारी देते हुए बताया कि यूरिया का सरकारी मूल्य 266 रुपये और डीएपी का मूल्य 1,350 रुपये प्रति बोरी निर्धारित है। इससे अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी समिति का सचिव ओवरचार्जिंग करता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि यदि किसी साधन सहकारी समिति का सचिव दुकान बंद रखता है या खाद वितरण में मनमानी करता है तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें। ऐसे मामलों में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में धरना-प्रदर्शन करने वाले एक सचिव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। राजस्व विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी पुलिस के सहयोग से खाद वितरण की निगरानी करेंगे, ताकि किसानों को निर्धारित दर पर आसानी से खाद उपलब्ध हो सके।



