उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाहादसा

सात साल पहले हुई थी शादी, पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल; परिवार में मचा कोहराम

जमानियां (गाजीपुर)। ब्लॉक क्षेत्र के ढढनी रणवीर राय गांव के पश्चिम तरफ स्थित पुरवे में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 34 वर्षीय किसान की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। खेत की सिंचाई के लिए विद्युत मोटर का स्विच चालू करते समय किसान करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान अमित कुशवाहा के रूप में हुई है। उनकी शादी महज सात वर्ष पूर्व रेनू देवी से हुई थी। उनके चार वर्षीय बेटी अनन्या और ढाई वर्षीय बेटा आर्यन हैं। पिता की असमय मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। वहीं पत्नी रेनू देवी का सुहाग उजड़ गया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी रेनू और मां धर्मशीला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।मृतक के साले बिहार के नोनार निवासी हरिदयाल ने बताया कि अमित तीन भाइयों में मंझले थे। सोमवार शाम वह घर के दरवाजे पर अकेले थे। खेत में पानी लगाने के लिए जैसे ही उन्होंने विद्युत मोटर का स्विच चालू किया, वह करंट की चपेट में आ गए। काफी देर तक उनके वापस नहीं लौटने पर पत्नी रेनू और मां धर्मशीला ने मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।अनहोनी की आशंका में दोनों जब मौके पर पहुंचीं तो अमित के हाथ में बिजली का तार चिपका हुआ था। यह दृश्य देखते ही उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बिजली का तार हटाकर अमित को वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि पिता की मौत से अनजान मासूम अनन्या और आर्यन मौके पर जुटी भीड़ को कौतूहल से निहारते रहे। उन्हें जरा भी एहसास नहीं था कि जिस पिता की गोद में वे खेलते थे, वह अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page