उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाप्रशासनिक

16 दिसंबर तक मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम, जमानियां में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मिलेगा मतदाता बनने का मौका, एसडीएम ने कहा- मजबूत लोकतंत्र के लिए जरूरी है शुद्ध मतदाता सूची

जमानियां (गाजीपुर)। विधानसभा क्षेत्र-379 जमानियां में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। ब्लॉक क्षेत्र स्थित एक निजी महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध कराया गया।
17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना और आगामी चुनाव के लिए शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी निधि ने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिले और वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहे। उन्होंने ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ का संदेश देते हुए युवाओं से अपील की कि वे 16 दिसंबर तक अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
तहसीलदार जितेंद्र कुमार ने पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा नाम, पता और अन्य विवरणों में त्रुटियों का संशोधन किया जाएगा। वहीं स्थानांतरित, मृतक और अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी बीएलओ को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पात्र नागरिकों की सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी योग्य मतदाता पंजीकरण से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, मताधिकार की संवैधानिक महत्ता और निष्पक्ष चुनाव में नागरिकों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पूर्ति निरीक्षक राजकुमार, राहुल कुमार, सत्य प्रकाश मौर्य, नसीमुल्ला खां सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, महाविद्यालय परिवार और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page