सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में मतदाता जागरूकता अभियान, निबंध और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित

स्वीप कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने दिया निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान का संदेश, प्रधानाचार्य ने लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के प्रति किया जागरूक
जमानियां (गाजीपुर)। विधानसभा क्षेत्र 379 जमानियां के देवी दयाल मार्ग स्थित सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर ‘सशक्त लोकतंत्र, मतदान एक जिम्मेदारी’ विषय पर निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर मतदान के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और विचारों के माध्यम से समाज को निष्पक्ष, निर्भीक एवं अनिवार्य मतदान का संदेश दिया। रंगोली के आकर्षक डिजाइनों और निबंधों के जरिए लोकतंत्र की मजबूती में मतदाताओं की भूमिका को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना और प्रत्येक पात्र नागरिक को उसके मताधिकार एवं जिम्मेदारी का एहसास कराना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्व भी है। उनसे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एल.डी. जेना ने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित होती है।



