उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुरज़मानिया

चार महीने बाद दर्ज हुई डीजल चोरी की प्राथमिकी, एक नामजद समेत चार पर मुकदमा

आयशर वाहन की टंकी तोड़कर 40 लीटर डीजल चोरी करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र में खड़े वाहन से डीजल चोरी के मामले में पुलिस ने करीब चार महीने बाद आखिरकार प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद आरोपी और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के इतने लंबे समय बाद प्राथमिकी दर्ज होने से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कस्बा स्थित अंसारी मोहल्ला निवासी प्रतीक गुप्ता की राजपुर में गल्ले की दुकान है। पीड़ित के मुताबिक, बीते 27 जुलाई की शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर बाहर खड़े उनके आयशर वाहन की तेल टंकी का ढक्कन टूटा हुआ नीचे पड़ा मिला। जांच करने पर टंकी से करीब 40 लीटर डीजल गायब मिला।
पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि 28 जुलाई की देर रात कानूनगो मोहल्ला निवासी नारायण दास चौरसिया उर्फ टुनटुन चौरसिया अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ सफेद रंग की स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचा था। आरोप है कि चारों ने डीजल चोरी के उपकरणों का इस्तेमाल कर सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने पूर्व में उन्हें आर्थिक और शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।
उन्होंने घटना के समय आरोपियों की मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। करीब चार महीने तक मामला लंबित रहने के बाद अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page