हिंदू पीजी कॉलेज में 25 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, पूर्व छात्र-छात्राओं को मिलेगा नौकरी का अवसर

स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग, शैक्षिक प्रमाण-पत्र और बायोडाटा लाना अनिवार्य
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आगामी 25 नवंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन-2026 के तहत आयोजित इस मेले में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और योग्य युवाओं का चयन कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, रोजगार मेले में महाविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण कर चुके सभी पूर्व छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकते हैं। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। इसमें शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अपडेटेड बायोडाटा शामिल हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने सभी स्नातक उत्तीर्ण पूर्व छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के लिए अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार पाने का अच्छा अवसर है।



