6 जनवरी से शुरू होगा नहरों का संचालन, रबी फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को मिलेगी राहत

देवकली और जमानियां पम्प नहर प्रणालियों का रोस्टर स्वीकृत, अधिकारियों ने दी मंजूरी
गाजीपुर। रबी फसलों की सिंचाई को लेकर किसानों के लिए राहत भरी खबर है। सिंचाई विभाग ने फसल रबी 1434 फसली वर्ष 2026-27 के तहत जनपद की नहरों के संचालन का रोस्टर निर्धारित कर दिया है। इसके अनुसार जिले की देवकली पम्प नहर प्रणाली और जमानियां पम्प नहर प्रणाली का संचालन आगामी 6 जनवरी 2027 से शुरू किया जाना प्रस्तावित है।
अधिशासी अभियंता (नोडल), देवकली पम्प नहर खंड प्रथम एवं द्वितीय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, किसानों की मांग और फसलों की सुगम सिंचाई को ध्यान में रखते हुए नहरों के संचालन की व्यवस्था बनाई गई है। इसके तहत दोनों पम्प नहर प्रणालियों से निकलने वाली सभी राजवाहों और अल्पिकाओं के संचालन का रोस्टर तैयार किया गया है।
विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ मुख्य विकास अधिकारी और जिलाधिकारी गाजीपुर ने भी प्रस्तावित रोस्टर को अनुमोदन प्रदान कर दिया है। सिंचाई विभाग ने किसानों से निर्धारित तिथि और रोस्टर के अनुसार नहर के पानी का समुचित उपयोग करने की अपील की है, ताकि रबी फसलों की समय से सिंचाई हो सके और किसान इस व्यवस्था का अधिकतम लाभ उठा सकें।



