उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुरज़मानिया

लेखपाल को प्रधान ने दी जान से मारने की धमकी,मुकदमा दर्ज

जमानिया। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, अभद्र व्यवहार करने तथा एक सरकारी सेवक को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए लेखपाल ने कोतवाली में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में पीड़ित लेखपाल रविन्द्र कुमार चौधरी निवासी सेनापुर, करण्डा, गाज़ीपुर ने बताया कि वे वर्तमान में सब्बलपुर कलां क्षेत्र में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि जब वे अपने क्षेत्र में शासकीय कार्य कर रहे थे, तभी 13 जून 2026 को सब्बलपुर कलां के ग्राम प्रधान ओमप्रकाश यादव ने उनके मोबाइल पर फोन करके बेहद भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। बात यहीं नहीं रुकी‚ इसके बाद 3 जुलाई 2026 को शाम करीब 6 बजे ग्राम प्रधान के इशारे पर उनके सहयोगी अमलधारी चौधरी ने भी लेखपाल को फोन किया। आरोपी ने उन्हें मां-बहन की गालियां देते हुए न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी, बल्कि नौकरी से भी हाथ धो बैठने  की धौंस जमाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित सरकारी कर्मचारी के कर्तव्य निर्वहन में बाधा डालने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित लेखपाल ने अपनी तहरीर में बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी उपजिलाधिकारी कार्यालय को अवगत कराया गया था, जिसके संदर्भ में कार्यालय का एक पत्र भी तहरीर के साथ संलग्न किया गया है। लेखपाल ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है ताकि वे अपने क्षेत्र के शासकीय कार्यों को बिना किसी भय के निर्भीक होकर सुचारू रूप से संपादित कर सकें। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नगर ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page