श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मंचन से भक्तिमय हुआ सिद्धनाथ मंदिर परिसर

श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ के तीसरे दिन उमड़े श्रद्धालु, सोहर और भजनों से गूंजा सोनहरिया वन
जमानियां (गाजीपुर)। सोनहरिया वन स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर परिसर में चल रहे छह दिवसीय श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ के तीसरे दिन शुक्रवार को पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। 1008 गंगा पुत्र लक्ष्मीनारायण त्रिदंडी स्वामी महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन, मंडप परिक्रमा और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
महायज्ञ में आयोजित रासलीला के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का भव्य मंचन आकर्षण का केंद्र रहा। भगवान कृष्ण के जन्म की खुशी में गूंजे सोहर और भजनों ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। मंचन देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान होता रहा। वहीं, यज्ञाचार्य कौशलेश के नेतृत्व में अरणी मंथन और हवन की प्रक्रिया निरंतर जारी रही।
इस अवसर पर काशी से पधारे भोजपुरिया बाबा रामेश्वर मिश्रा ने कथा के माध्यम से यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ सनातन संस्कृति और वैदिक परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। इसका उद्देश्य समाज में सद्भाव, परोपकार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक परंपराओं को आत्मसात कर समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
इस मौके पर विनोद तिवारी, अवनीश पांडेय, राजा यादव, मनोज, श्रीकांत, प्रभाकर विधायक, अंशु पांडेय, गिरीश राय, विपुल राय सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

