राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की चहारदीवारी निर्माण पर उठे सवालों के बीच PWD ने दी सफाई, मानकों के अनुरूप बताया निर्माण
पुरानी चहारदीवारी के प्लिंथ पर बनाई गई नई दीवार, कॉलम और बीम के जरिए भार संतुलित रखने का दावा
गाजीपुर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सदर, महुआबाग में निर्माणाधीन चहारदीवारी को लेकर लोक निर्माण विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत विद्यालय में 570 मीटर लंबी चहारदीवारी का निर्माण स्वीकृत है। निर्माण कार्य स्वीकृत आगणन में निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया गया है।
विभाग के अनुसार, स्वीकृत परियोजना में प्रत्येक तीन मीटर की दूरी पर 250×250 एमएम के कॉलम, जमीन से 90 सेंटीमीटर नीचे तक फाउंडेशन तथा कॉलमों को जोड़ने के लिए प्लिंथ बीम का प्रावधान किया गया है। इसके ऊपर चार इंच मोटी ईंट की चिनाई से 1.80 मीटर ऊंची चहारदीवारी और ऊपरी हिस्से में आरसीसी बीम के साथ 60 सेंटीमीटर कॉन्सर्टिना वायर फेसिंग प्रस्तावित है।
अधिशासी अभियंता के मुताबिक, निर्माण स्थल पर पहले से करीब 10 फीट ऊंची पुरानी चहारदीवारी मौजूद थी। उसका ऊपरी हिस्सा जर्जर था और जमीन से 1.10 मीटर ऊंचाई पर 450 एमएम चौड़ा पुराना प्लिंथ बना हुआ था। विद्यालय की प्राचार्या ने छात्राओं की पढ़ाई और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नई चहारदीवारी पुराने प्लिंथ के ऊपर बनवाने का अनुरोध जिला विद्यालय निरीक्षक से किया था।
विभाग का कहना है कि जिला विद्यालय निरीक्षक के मौखिक निर्देश पर नए कॉलम जमीन से तैयार किए गए और प्लिंथ बीम को पुरानी चहारदीवारी के प्लिंथ स्तर पर कॉलम से जोड़कर बनाया गया। इसके ऊपर चार इंच की ईंट की चिनाई कर नई दीवार खड़ी की गई। विभाग ने तकनीकी आधार देते हुए बताया कि कॉलम और बीम का फ्रेम स्ट्रक्चर होने के कारण नई चहारदीवारी का भार पुरानी दीवार के प्लिंथ पर नहीं पड़ेगा।
विभाग के अनुसार, मौके पर पुरानी और नई चहारदीवारी की संयुक्त ऊंचाई 2.90 मीटर है, जिसमें 1.10 मीटर पुराना प्लिंथ और 1.80 मीटर नई चहारदीवारी शामिल है। निर्माण में किए गए बदलाव से स्वीकृत ऊंचाई में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। विभाग ने कार्य को प्राक्कलन में निर्धारित मानकों के अनुरूप बताते हुए गुणवत्ता को प्रथमदृष्टया संतोषजनक करार दिया है।



