स्थानीय लोगों की सतर्कता से टली चोरी, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

जमानियां। स्टेशन बाजार स्थित काली मंदिर के पास रविवार की रात बंद मकान में चोरी करने घुसे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। चोर ने मकान के कई दरवाजे तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए, लेकिन लोगों की सतर्कता के चलते घर से कोई सामान चोरी नहीं हो सका। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-17 निवासी बृजेश कुमार पुत्र रामनिवास का मकान काली मंदिर के बगल में स्थित है। रविवार को परिवार के सभी सदस्य वाराणसी में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान रात में एक युवक मकान में घुसकर चोरी का प्रयास करने लगा। बताया जाता है कि लोगों की आहट मिलने पर वह छत से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
वार्ड सभासद प्रमोद यादव ने तत्काल स्टेशन चौकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए चौकी पहुंचाया।
मकान मालिक बृजेश कुमार ने बताया कि घर से कोई सामान गायब नहीं हुआ है, लेकिन चोर ने मकान के सभी दरवाजों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनके मकान में दो बार चोरी हो चुकी है। रविवार को परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर फिर चोरी का प्रयास किया गया। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर वह वाराणसी से तत्काल वापस पहुंचे।
इस संबंध में स्टेशन चौकी के नवागत प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से चोरी की कोशिश नाकाम होने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, एक ही मकान में पहले भी दो बार चोरी होने,और बीते दिनों हुई चोरियों का खुलासा न होने की बात सामने आने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।



