पॉक्सो केस का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा- मोटरसाइकिल बरामद

गाजीपुर। करंडा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी करंडा भेजा गया।
पुलिस के अनुसार रविवार को थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक टीम के साथ मैनपुर ताल के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मु0अ0सं0 89/2026 में वांछित आरोपी मो. तस्लीम वहां आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई।
गिरफ्तार आरोपी मो. तस्लीम पुत्र स्व. शमीम निवासी मैनपुर थाना करंडा बताया गया है। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पहले से पॉक्सो एक्ट व बीएनएस की गंभीर धाराओं में वांछित चल रहा था। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।



