
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला बुद्धिपुर कोट में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक चार माह की गर्भवती विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही विवाहिता ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतका के पिता ने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ हत्या की नीयत से वारदात को अंजाम देने की लिखित तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, नगर के सुबाहन टोली मोहल्ला निवासी विवाहिता के पिता सुल्तान अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री आयशा खातून का निकाह 8 वर्ष पूर्व बुद्धिपुर कोट निवासी इमरान शाह पुत्र जहांगीर शाह के साथ हुआ था। निकाह के बाद से ही दामाद और उसके परिवार के लोग आयशा को लगातार मारते-पीटते और प्रताड़ित करते थे। मंगलवार की रात करीब 11 बजे जब परिवार के सभी लोग खाना खाकर छत पर सोए थे, तभी यह खौफनाक वारदात हुई। मृतका की बहन गुड़िया, जिसका निकाह भी पड़ोस के ही एक घर में हुआ है, उसने फोन पर आयशा के भाई को घटना की जानकारी दी। गुड़िया ने बताया कि आयशा के ससुर जहांगीर, सास अकबरी बेगम, पति इमरान शाह और जेठ इबरार ने मिलकर आयशा के साथ मारपीट की और फिर उसे जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, जहां चार माह की गर्भवती आयशा लहूलुहान और बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी मिली। परिजनों ने तत्काल यूपी 112 को डायल कर पुलिस को सूचित किया और आयशा को निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। तहरीर प्राप्त हो चुकी है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।



