
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बरूईन गांव स्थित नहर में सोमवार की सुबह एक 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8ः30 बजे ग्रामीणों ने एवं मृतक के चचेरे भाई रविन्द्र राम ने पुलिस को नहर में शव होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान बरूईन गांव के ही निवासी संतोष उर्फ नेऊर राम (35 वर्ष), पुत्र अर्जुन राम के रूप में हुई है। आस-पास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, संतोष अत्यधिक नशे का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि वह रविवार की रात या सोमवार तड़के नशे की हालत में नहर के पास गया होगा और पैर फिसलने या अनियंत्रित होने के कारण डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक संतोष के परिवार में उसकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। वहीं मृतक की शादी नहीं हुई थी।पिता का भी पूर्व में ही देहांत हो चुका है। संतोष की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।



