कर्मनाशा नदी का जलस्तर बढ़ने पर अलर्ट, तियरी गांव पहुंचकर तहसीलदार ने किया निरीक्षण

जमानियां।क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण कर्मनाशा नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है।
इसी क्रम में तहसीलदार राम नरायण वर्मा ने शुक्रवार को तियरी गांव पहुंचकर नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया और संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से बाढ़ से निपटने की तैयारियों के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है। तटवर्ती गांवों में स्थिति पर नजर रखने के लिए राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। तहसीलदार ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने गांव में मौजूद प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन और सुरक्षित स्थानों का भी निरीक्षण किया ताकि आपात स्थिति में राहत शिविरों के रूप में उनका उपयोग किया जा सके। तहसील प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के किनारे न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करें। निरीक्षण के दौरान लेखपाल, आपदा विभाग के कर्मचारी, तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से ग्रामीणों में राहत का माहौल देखा गया




