
जमानिया। विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर जिले के 10 युवकों से मुम्बई के एक युवक ने 12 लाख 42 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़ितों ने जब दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचकर उड़ान पकड़नी चाही तो न तो टिकट असली निकला और न ही आरोपी मौके पर मिला। खुद को एजेंट बताने वाला आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया। जिस पर आरोपी के विरूद्ध कोतवाली में मुकदमा दर्ज सोमवार को किया गया है।
ग्राम चकमेदनी नम्बर 1, पोस्ट देवरिया, कोतवाली जमानियां निवासी विरेन्द्र कुमार ने अदालत में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। विरेन्द्र के अनुसार उसने सोशल मीडिया पर तुर्की में तत्काल नौकरी के विज्ञापन देखे थे। दिये गए नंबर पर संपर्क करने पर सोनू कुमार बिन्द नामक व्यक्ति ने खुद को मुम्बई स्थित एस.एस. इंटरप्राइजेज का संचालक बताते हुए नौकरी दिलाने का दावा किया। सोनू ने विरेन्द्र व उसके साथियों से पासपोर्ट मांगा और कहा कि वेटर की नौकरी के लिए 1.20 लाख रुपये देने होंगे। कई युवकों ने सहमति जताई और 25 दिसंबर 2024 को आरोपी के कहने पर मुंबई पहुंचे। वहां युवकों ने आरोपी को पांच लाख रुपये नगद दिए। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में बैंक खातों के जरिए और नगद मिलाकर कुल 12 लाख 42 हजार रुपये आरोपी को सौंपे गए। आरोपी ने दिल्ली से दोहा का टिकट भेजा और 27 फरवरी 2025 को एयरपोर्ट पर मिलने का वादा किया। लेकिन निर्धारित तारीख को न तो आरोपी एयरपोर्ट पर आया और न ही मोबाइल से संपर्क हुआ। पीड़ितों ने काफी इंतजार किया और फिर वापस गाजीपुर लौट आए। बाद में आरोपी ने केवल पासपोर्ट स्पीड पोस्ट से लौटाए लेकिन रुपये वापस नहीं किए। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़ितों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।




