
जमानियां। बिजली बिल राहत योजना के अंतर्गत बुधवार को नगर स्थित पावर हाउस परिसर में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, एसडीओ सहित भाजपा जिलाध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्रीय जनता की बिजली बिल से संबंधित समस्याओं का समाधान कराया।
सरकार द्वारा संचालित इस योजना के पहले चरण में मूलधन पर 25 प्रतिशत की छूट तथा ब्याज की शत-प्रतिशत माफी दी गई है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे पहले चरण में ही पंजीकरण कराकर अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें। कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपभोक्ता पहुंचे। विभाग की ओर से उन्हें योजना की शर्तों, छूट, पात्रता और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान उपभोक्ताओं की बिल त्रुटि, रीडिंग समस्या, डुप्लीकेट कनेक्शन और योजना से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। एसडीओ लोकेश कुमार ने बताया कि कैंप का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कार्यालयों का चक्कर लगाने से बचाना है। योजना का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देना तथा पुराने बकाया बिलों से मुक्ति दिलाना है। कैंप में पूर्व विधायक सुनीता सिंह, अधिशासी अभियंता विजय कुमार, जेई संजीत कुमार, मनोज कुमार मौर्य‚ गिरधारी यादव, अरविंद कुमार सिंह, तारकेश्वर वर्मा‚ अवधेश कुमार‚ समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।




