
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 स्थित सुरतापुर गांव के पास सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से सेमरा गांव के रहने वाले अंजनी दुबे पुत्र सुदर्शन चिरई दुबे (40) साइकिल से कुण्डेसर से तिवारीपुर जा रहे थे। जैसे ही वह सुरतापुर गांव के पास पहुंचे पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया।गंभीर चोट लगने के कारण वह सड़क पर गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई ।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना देने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया।सेमरा में हुई गंगा कटान की वजह से अंजनी दुबे का मकान गंगा में विलीन हो गया था। तभी से अंजनी दुबे किराए की मकान में तिवारीपुर गांव में रहते थे।घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।धक्के से अत्यधिक रक्त स्राव होने के कारण मौके पर ही अंजनी दुबे की मौत हो गई।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।तहरीर मिलने पर अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी ।



