
गाजीपुर। जिले में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर से समाजवादी पार्टी के विधायक जै किशन साहू के पुत्र समेत तीन नामजद एवं 25- 30 अज्ञात लोगों पर अपहरण, मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। वाराणसी जनपद के चिरईगांव निवासी उद्योगपति रमेश कुमार आर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 9 दिसंबर 2025 को उद्योग वंधु की बैठक रायफल क्लब गाजीपुर में शामिल होने के बाद कुछ लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें एक फैक्ट्री में बंधक बनाकर रिवॉल्वर के बल पर जान से मारने की धमकी दी और कई घंटों तक मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उनके नंदगंज स्थित ऑक्सीजन प्लांट पर पहुंचकर सिलेंडर उठाने का प्रयास किया। मौके पर कर्मचारियों द्वारा डायल 112 पर सूचना देने के बाद आरोपी पुलिस से उलझते हुए फरार हो गए और जाते-जाते फायरिंग भी की। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही विधायक के भतीजे मनीष साहू पर भी एक युवक से मारपीट का मामला दुल्लहपुर थाने में दर्ज हुआ था।
कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


