हौसला बुलंद बदमाशों ने घर के बाहर से युवती का अपहरण करने का किया प्रयास
जमानिया। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने घर के बाहर खड़ी एक युवती का अपहरण करने की कोशिश की। पीड़िता सविता यादव पुत्री गुड्डू यादव ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सविता का आरोप है कि बीते 28 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे जब वह अपने घर के गेट पर खड़ी थी, तभी गांव के ही पिंटू यादव ने उसका हाथ पकड़ लिया और जबरदस्ती घसीटकर ले जाने लगा। शोर मचाने पर जब उसकी मां और अन्य ग्रामीण वहां पहुंचे तो आरोपी भाग निकला।
पीड़िता ने बताया कि इससे पहले 25 और 26 अप्रैल की दरमियानी रात को भी आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ और उत्पात मचाया था। उस समय भी 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई थी और पुलिस कुछ लोगों को पकड़कर भी ले गई थी, लेकिन बावजूद इसके अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। सविता के अनुसार पुलिस की इसी ढिलाई के कारण विपक्षी लगातार जान-माल की धमकी दे रहे हैं जिससे उसका पूरा परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है। पीड़िता ने मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर मुकदमा दर्ज कराया जाए और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्राथमिक दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।




