उत्तर प्रदेशज़मानियाधर्म

गौ-रक्षार्थ यात्रा के क्रम में शंकराचार्य पहुंचे जमानिया

जमानिया।  तहसील क्षेत्र के असैचंदपुर गांव में रविवार को आयोजित 81 दिवसीय गविष्ठि (गौ-रक्षार्थ) यात्रा के दौरान ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने गौ-रक्षा, राजनीति और सनातन संस्कृति को लेकर बेहद कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने जनमानस को संबोधित करते हुए कहा कि गौ माता केवल हमारी आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि वे भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मूल आत्मा हैं।
शंकराचार्य जी ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर जोर देते हुए जनता को उनके वोट की ताकत का अहसास कराया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी शक्ति जनता के वोट में ही निहित है। यदि लोग जागरूक होकर सही दिशा में मतदान करें, तो समाज और संस्कृति विरोधी ताकतों पर स्वतः ही अंकुश लग सकता है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज जनता के वोट का गलत इस्तेमाल कर कुछ लोग समाज की मूल आस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए अब लोगों को पहले से कहीं अधिक सजग होने की आवश्यकता है। संत समाज और सत्ता के संबंधों पर बेबाक टिप्पणी करते हुए शंकराचार्य जी ने कड़े शब्दों में कहा, “संत कभी सत्ता का चाटुकार नहीं होता, वह हमेशा केवल सत्य का पक्षधर होता है। जो सत्ता के पीछे चलता है, वह संत नहीं, बल्कि एक स्वार्थी व्यक्ति है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सच्चा संत वही है जो समाज और धर्म की रक्षा के लिए निर्भीक होकर सत्य बोलने का साहस रखे। शंकराचार्य जी ने उत्तर प्रदेश के मौजूदा हालात पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज प्रदेश में गायों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। उन्होंने मांस के निर्यात में उत्तर प्रदेश की मजबूत सहभागिता को सनातन संस्कृति पर सीधा कुठाराघात बताया। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण अब एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन बन चुका है और पिछले तीन वर्षों से देश भर में इसके लिए लगातार जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इस वृहद आध्यात्मिक और जन-जागरण कार्यक्रम में जमानियां के विधायक ओमप्रकाश सिंह ने भी पहुंचकर शंकराचार्य जी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस यात्रा और प्रवचन को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, गौ सेवकों और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही। इस राष्ट्रव्यापी यात्रा का मुख्य लक्ष्य समाज में गौ-रक्षा के प्रति व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाना और इसे एक ‘धर्मयुद्ध’ के रूप में लड़कर गौ-माता को उनका उचित और परम पूज्य सम्मान दिलाना है।इस अवसर पर मुख्य रूप से  बीवाईवीएस के राष्ट्रीय महामंत्री व गाजीपुर जिला प्रभारी हर्ष मिश्रा, गाजीपुर जिला सहसंयोजक मनोज सिंह, जमानियां विधानसभा संयोजक विनोद तिवारी और जगद्गुरूकुलम जमानियां की प्रबंधक सीमा तिवारी‚ बालकृष्ण द्विवेदी, सुरेश दुबे, अनिल यादव, रजनीकांत यादव और मोहन गुप्ता सहित कई अन्य गणमान्य लोग व धर्मप्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page