उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाप्रशासनिक

प्रमुख ट्रेनों का ठहराव न होने से क्षेत्रीय यात्रियों में रोष

जमानिया। दानापुर मंडल के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण स्थानीय रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव न होने के कारण क्षेत्रीय यात्रियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस जनसमस्या को लेकर रेल यात्री कल्याण समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उप स्टेशन अधीक्षक आदित्य राज को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने रेलवे प्रशासन पर क्षेत्र की लगातार उपेक्षा करने का कड़ा आरोप लगाया है।
समिति के सदस्यों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जमानियां जैसे व्यस्त और प्रमुख स्टेशन पर काशी-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इन प्रमुख ट्रेनों के न रुकने से प्रतिदिन यात्रा करने वाले छात्रों, व्यापारियों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को भारी आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों का कहना है कि विशेष रूप से सुबह और शाम के समय ट्रेनों की भारी कमी रहती है, जिससे आवाजाही की मुश्किलें और भी बढ़ जाती हैं। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद, रेलवे प्रशासन लगातार इस समस्या की अनदेखी कर रहा है। रेलवे प्रशासन की इस उदासीनता से क्षुब्ध रेल यात्री कल्याण समिति ने अब सख्त चेतावनी दी है। समिति का स्पष्ट कहना है कि यदि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द ही जमानियां स्टेशन पर इन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित नहीं किया गया, तो वे स्थानीय यात्रियों को साथ लेकर एक वृहद जन-आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से समिति के अध्यक्ष मिथलेश सिंह, सभासद मोहन गुप्ता, सभासद प्रमोद यादव, मेराज आलम, विशाल वर्मा, प्रमोद पाण्डेय, सरदार प्रीतपाल सिंह, मनोज, विनोद जायसवाल और एहसान सहित कई अन्य गणमान्य लोग व यात्री उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page