उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुरज़मानिया

वांछित गौतस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जमानिया। कोतवाली पुलिस ने रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गोवध निवारण और पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को अवैध असलहे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से पुलिस ने एक अदद .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली के उपनिरीक्षक अजय भारती अपने हमराहियों के साथ बरेसर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह भी अपनी टीम के साथ वहां पहुंच गए, जिसके बाद दोनों टीमें आपस में अपराध व अपराधियों के संबंध में चर्चा कर रही थीं। इसी बीच मुखबिर से खास सूचना मिली कि कोतवाली पर पंजीकृत गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मामले में प्रयुक्त वाहन का स्वामी, जो कि वांछित अभियुक्त भी है, रेलवे स्टेशन जमानिया से चक्का बांध की तरफ जा रहा है। मुखबिर की सटीक सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोपहर करीब 2:11 बजे जमानिया स्टेशन स्थित काशीराम आवास के पास से संदिग्ध को नियमानुसार हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम द्वारा जब उसकी जामा तलाशी ली गई, तो उसके पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक कुमार यादव (उम्र 23 वर्ष) निवासी पठानपुर फतेहउल्लाहपुर, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त अभिषेक कुमार यादव के खिलाफ कोतवाली में पहले से ही गोवध निवारण और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज था। अवैध तमंचा बरामद होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक और नया मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया गया है और अभियुक्त का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। सफलता प्राप्त करने वाली इस संयुक्त पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय भारती (चौकी प्रभारी अभईपुर), उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह (चौकी प्रभारी रेलवे स्टेशन) के साथ मुख्य आरक्षी कन्हैया लाल, मुख्य आरक्षी गोवर्धन यादव और आरक्षी निलेश यादव शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page