प्रेरणा कैंटीन खुलने से रोजगार के साथ लोगों को मिलेगा लजीज व्यंजन

जमानिया। स्थानीय ब्लॉक परिसर में सोमवार को ‘प्रेरणा कैंटीन’ का भव्य उद्घाटन किया गया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा ने फीता काटकर कैंटीन का औपचारिक शुभारंभ किया। परिसर में स्थापित यह कैंटीन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ‘जय माता महिला आजीविका एवं स्वयं सहायता समूह’ की महिलाओं द्वारा संचालित की जाएगी। यह कैंटीन ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई के तहत कार्य करेगी।
उद्घाटन के अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा ने कहा कि ब्लॉक में स्थापित इस प्रेरणा कैंटीन के माध्यम से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी करीब एक दर्जन महिलाओं को सीधे रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही दूर-दराज के गांवों से ब्लॉक मुख्यालय आने वाले फरियादियों, ग्रामीणों और कर्मचारियों को अब चाय-नाश्ते के लिए परिसर से बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) अरविंद यादव ने कैंटीन के संचालन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खान-पान के हर सामान में शुद्धता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। ग्राहकों को जो भी खाद्य सामग्री दी जाए, वह पूरी तरह से ताजा और गर्म हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक सामान की एक रेट लिस्ट (दर सूची) निर्धारित की जाए, जो बाजार की सामान्य दुकानों की तुलना में कम हो ताकि लोगों को राहत मिल सके। दिग्विजय कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरणा कैंटीन एक मजबूत स्तंभ साबित हो रही है। इसका मुख्य उद्देश्य रोजगार सृजन और महिलाओं को आय का स्थायी साधन उपलब्ध कराना है। कैंटीन की संचालिका गुड्डी (पलक आजीविका स्वयं सहायता समूह) ने बताया कि कैंटीन में गुणवत्ता और स्वच्छता पर पूरा फोकस रहेगा। यहाँ साफ-सुथरी और शुद्ध चाय, नाश्ते के साथ-साथ ऑर्डर पर गर्म व स्वादिष्ट भोजन भी बेहद उचित और निर्धारित दरों पर मुहैया कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से उर्दू बाबू वजाहतुल्ला सिद्दीकी, उमेंद्र सिंह, धनंजय मौर्य, लव सिंह सहित ब्लॉक के तमाम अधिकारी, कर्मचारी और समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।


