गाजीपुर में कड़ी सुरक्षा और पुख्ता इंतजामों के बीच संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा सकुशल एवं नकलविहीन सम्पन्न

गाज़ीपुर!उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार को जनपद में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच पूरी तरह सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा को स्थानीय स्तर पर सुचारू रूप से संचालित कराने की जिम्मेदारी निभा रहे गाजीपुर जनपद के नोडल समन्वयक एवं पी० जी० कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले में इस प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 35 केंद्र बनाए गए थे, जहाँ कुल 15,340 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।

यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 14,014 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,326 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित द्वितीय पाली की परीक्षा में कुल 14,023 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1,317 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता और गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा प्रत्येक केंद्र पर दो ऑब्जर्वर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे, जबकि पूरी परीक्षा पर पैनी नजर रखने के लिए 18 केंद्र प्रतिनिधियों की भी नियुक्ति की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। वर्तमान में जारी भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर प्राथमिक चिकित्सा और एम्बुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाओं के भी पुख्ता इंतजाम रहे।
परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नोडल समन्वयक प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय और उप नोडल अधिकारी प्रोफेसर विजय कुमार राय के साथ बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी से आए विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ० दिलीप कुमार, डॉ० राजेन्द्र कुमार एवं डॉ० विनोद कुमार बौद्ध ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। परीक्षा के सफल और निर्विघ्न समापन पर नोडल समन्वयक प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने गाजीपुर जिला व पुलिस प्रशासन, सभी केंद्र प्रतिनिधियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, पर्यवेक्षकों, केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।




