ऑपरेशन सेफ फ्यूचर’ के तहत एआरटीओ ने की बड़ी कार्रवाई, 21वाहनों का चालान,6 वाहन सीज

जमानिया। क्षेत्र में परिवहन विभाग की ओर से ‘ऑपरेशन सेफ फ्यूचर’ यानी सुरक्षित भविष्य अभियान के तहत बृहस्पतिवार को एक बड़ी कार्रवाई की गई है। एआरटीओ धनवीर यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान करीब 21 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि 6 वाहनों को मौके पर सीज कर दिया गया।
एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि जनपद के सभी स्कूलों को पिछले तीन महीनों से लगातार समाचार पत्रों, विभागीय कर्मचारियों और व्यक्तिगत नोटिस के माध्यम से अवगत कराया जा रहा था कि जुलाई में नया सत्र शुरू होने से पहले वे अपने सभी वाहनों के प्रपत्रों और मानकों को पूर्ण कर लें। इसके बावजूद कई स्कूल बिना वैध परमिट और मानकों के ही सड़कों पर बच्चों को ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ स्कूलों की करीब आठ-आठ गाड़ियां पहले भी परमिट फेल होने की वजह से चिन्हित थी और आज स्कूल खुलने के बाद भी वे उसी असुरक्षित स्थिति में संचालित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इस लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी के सख्त निर्देश हैं कि ऐसे स्कूलों को चिन्हित किया जाए और जब ये वाहन बच्चों को छोड़कर लौट रहे हों, तब उन पर सीज करने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही इन नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों की सूची डीआईओएस के माध्यम से भेजी जा रही है, ताकि उनकी मान्यता प्रत्याहरण यानी रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सके। चूंकि स्कूलों की छुट्टी का समय एक ही होता है, इसलिए एक समय पर बड़ी संख्या में वाहनों को बंद करना चुनौतीपूर्ण होता है। अभियान के डर से कई लोग गाड़ियां खड़ी कर देते हैं या बच्चों को लेकर असुरक्षित ढंग से भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम द्वारा वाहनों को दौड़ाया नहीं जाता ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। पीटीओ लव कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



