
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी राजस्व, विकास, पंचायत, कृषि, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं सत्यापन के लिए नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। ऐसे में आमजन पूरी सतर्कता बरतें तथा किसी भी व्यक्ति द्वारा स्वयं को सरकारी अधिकारी या कर्मचारी बताने पर उसका पहचान पत्र (आई-कार्ड) अवश्य देखें। जिलाधिकारी ने बताया कि लेखपाल, राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी सरकारी कार्यों के लिए गांवों एवं मोहल्लों में जाकर सर्वेक्षण, सत्यापन, निरीक्षण तथा जनसमस्याओं के निस्तारण का कार्य करते हैं। यदि कोई व्यक्ति बिना वैध परिचय पत्र के स्वयं को सरकारी कर्मचारी बताकर जानकारी मांगता है अथवा किसी प्रकार का प्रलोभन देता है, तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसील प्रशासन, पुलिस अथवा जिला प्रशासन को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी के पास विभाग द्वारा जारी वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य है। जनसामान्य को चाहिए कि किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी या दस्तावेज उपलब्ध कराने से पूर्व संबंधित अधिकारी का परिचय पत्र अवश्य देख लें। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सावधानी आमजन को संभावित धोखाधड़ी एवं फर्जीवाड़े से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है, ताकि जनपद में पारदर्शी, सुरक्षित एवं विश्वसनीय प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।



