अपराध नियंत्रण को लेकर जिलेभर में चला सघन वाहन चेकिंग अभियान

गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने सोमवार को जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में प्रमुख मार्गों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों और बॉर्डर क्षेत्रों में बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्रों की जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी लेने के साथ ही उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, दोपहिया वाहनों पर ब्लैक फिल्म और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस ने प्रमुख चौराहों और मार्गों पर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों को रोककर पूछताछ भी की। इस दौरान आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय आवश्यक कागजात साथ रखने और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने की अपील की गई।
पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।



