बंशी बाजार ज्वेलर्स लूटकांड का 2 घंटे के भीतर खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार

लूटी गई शत-प्रतिशत ज्वेलरी बरामद, दोनों आरोपियों के बाएं पैर में लगी गोली, दो पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद।
गाजीपुर। शहर के बंशी बाजार स्थित संगिनी ज्वेलर्स में शनिवार शाम हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मीरनपुर शक्का मोड़ के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजकर 40 मिनट पर बंशी बाजार में संजय कुमार वर्मा की संगिनी ज्वेलर्स दुकान पर तीन बदमाशों ने फायरिंग करते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। इसके बाद स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मीरनपुर शक्का मोड़ के पास भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय दुबे उर्फ पप्पू, निवासी खतीरपुर थाना नोनहरा और पुष्कर दुबे, निवासी खतीरपुर थाना नोनहरा, गाजीपुर के रूप में हुई है पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की पांच चेन, दो पिस्टल, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई चारपहिया गाड़ी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी संजय दुबे उर्फ पप्पू के खिलाफ पहले से भी नकली करेंसी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की भूमिका और गिरफ्तारी को लेकर भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बड़ी बात यह रही कि वारदात के महज दो घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ लूटी गई ज्वेलरी भी बरामद कर ली।



