24 घंटे बाद भी बिजली व्यवस्था बेपटरी, कई इलाकों में आपूर्ति बहाल नहीं

बिना सुरक्षा किट के काम करने की खबर छपने के बाद संविदा कर्मियों के काम नहीं करने की चर्चा, उपभोक्ता परेशान
जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर लौटने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को दिनभर बिजली बाधित रहने के बाद देर रात आपूर्ति बहाल तो कर दी गई, लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी कई स्थानों पर बिजली सुचारू रूप से चालू नहीं हो सकी है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय स्तर पर बिजली आपूर्ति बाधित रहने के बीच विद्युत विभाग के कर्मचारियों के बिना सुरक्षा किट के बिजली के खंभों पर चढ़कर काम करने की खबर भी सामने आई थी। इसके बाद क्षेत्र में संविदा कर्मियों और लाइनमैन के बीच काम नहीं करने की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ कर्मचारी कथित तौर पर यह कहते हुए घूम रहे हैं कि वे अब काम नहीं करेंगे।
हालांकि, कर्मचारियों के काम नहीं करने की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में यह स्पष्ट होना बाकी है कि किन कारणों से कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हो पाई है।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि विद्युत व्यवस्था जल्द दुरुस्त कर आपूर्ति सामान्य की जानी चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
इस संबंध मेंअधिशासी अभियंता ने बताया कि अधीनस्थों को निर्देशित कर दिया गया है जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दिया जाए




