नवरात्रि-दशहरा को लेकर डीएम और एसपी ने मोहम्मदाबाद में किया रूट मार्च, शांति व्यवस्था का लिया जायजा

गाजीपुर। शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मोहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र में पैदल रूट मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आमजन को त्योहार के दौरान शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
रूट मार्च मोहम्मदाबाद तहसील से शुरू होकर यूसुफ बाजार, फाटक, प्रिंस रोड और यूसुफगंज होते हुए नवापुरा रोड तक निकाला गया। अधिकारियों की मौजूदगी में निकले रूट मार्च के माध्यम से त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में विश्वास कायम रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। प्रशासन ने पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।




