सीएचसी बरुईन को 24 घंटे संचालित करने की कवायद तेज, एसीएमओ ने किया औचक निरीक्षण
संसाधनों और सुविधाओं का हुआ भौतिक सत्यापन, कमियों की रिपोर्ट सीएमओ के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी
जमानियां। क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुईन को 24 घंटे संचालित करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुंशी लाल ने स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रुद्रकांत सिंह के साथ अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उपलब्ध संसाधनों और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेकर चौबीसों घंटे संचालन की संभावनाएं परखीं।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों, उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों और स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने यह आकलन किया कि अस्पताल को राउंड द क्लॉक संचालित करने के लिए वर्तमान में कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध हैं और किन आवश्यक संसाधनों की कमी है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे निर्बाध रूप से संचालित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। भौतिक सत्यापन के दौरान सामने आई कमियों और आवश्यक संसाधनों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी जाएगी। इसके बाद सीएमओ के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजकर जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में जल्द से जल्द 24 घंटे आपातकालीन और नियमित स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिल सकेगा और गंभीर स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर डॉ. घनश्याम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



