जानलेवा हमले के छह नामजद आरोपी 11 दिन बाद भी फरार, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
जमानियां, गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र में निमंत्रण से भोजन कर घर लौट रहे 22 वर्षीय युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। घटना के 11 दिन बाद भी हत्या के प्रयास और बलवा समेत गंभीर धाराओं में नामजद छह आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे पीड़ित परिवार में भय और ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पुलिस अब तक छानबीन की बात कह रही है। गिरफ्तारी में देरी से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
गौरतलब है कि बीते 9 अक्टूबर की शाम जोगियामार गांव निवासी शैलेष कुमार सिंह (22) रसूलपुर से निमंत्रण में भोजन कर घर लौट रहा था। इसी दौरान शहीद बाबा की मजार के समीप कथित रूप से पहले से घात लगाए हमलावरों ने रॉड आदि से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। बाद में शैलेष की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
नामजद आरोपियों में जोगियामार निवासी अनुराग यादव तथा दौदही निवासी मोहित, पवन, आशीष उर्फ प्रिंस, सत्यम और अमन यादव शामिल हैं।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।



